मुजफ्फरनगर – अपराधियों की त्वरित पहचान और अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने आधुनिक तकनीक की ओर एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन में जनपद के सभी थानों को फिंगरप्रिंट किट वितरित की।
इन किटों के माध्यम से पुलिसकर्मी मौके पर ही संदिग्ध व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लेकर उनकी पहचान की प्रक्रिया को तेज कर सकेंगे। एनसीआरबी द्वारा संचालित ‘अभिज्ञान ऐप’ के जरिए फिंगरप्रिंट का मिलान कर अपराधियों की पहचान करने के साथ-साथ उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी हासिल करने में भी मदद मिलेगी।
प्रत्येक थाने को उपलब्ध कराई गई फिंगरप्रिंट किट में फिंगरप्रिंट एनरोलमेंट डिवाइस, 02 एमडीटी (सैमसंग मोबाइल), 04 वेबकैम और 06 सिंगल डिजिट स्कैनर शामिल हैं।

इस तकनीक का उपयोग विशेष रूप से फुट पेट्रोलिंग, चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान किया जा सकेगा। फिंगरप्रिंट के माध्यम से अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय अपराधियों की पहचान और उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी प्राप्त करने में भी पुलिस को सहायता मिलेगी।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से अपराधियों की पहचान और अपराधों के अनावरण की प्रक्रिया को अधिक तेज, सटीक और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह सहित जनपद के विभिन्न थानों से आए पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









