मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत बुढ़ाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये कीमत की 218 ग्राम अवैध स्मैक बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने मौके से स्मैक की तौल में इस्तेमाल किया जाने वाला कांटा भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान की गई। बुढ़ाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अहसान राणा को गिरफ्तार किया।
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से बरामद 218 ग्राम स्मैक की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही पुलिस कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
सराहनीय कार्य पर एसएसपी ने घोषित किया ₹15 हजार का इनाम
ऑपरेशन सवेरा के तहत की गई इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। एसएसपी मुजफ्फरनगर ने बुढ़ाना पुलिस के सराहनीय कार्य को देखते हुए पुलिस टीम के लिए ₹15 हजार के इनाम की घोषणा की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल अमरदीप









