मुजफ्फरनगर। चौधरी छोटू राम पीजी कॉलेज, मुजफ्फरनगर में मां शाकंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय कबड्डी पुरुष एवं महिला प्रतियोगिता का समापन हुआ।
पुरुष वर्ग में छह महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रदर्शन के आधार पर चार टीमें अंतिम लीग मुकाबलों में पहुंचीं। श्रीराम कॉलेज मुजफ्फरनगर ने अपने तीनों मुकाबले जीतकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया, जबकि गोचर महाविद्यालय रामपुर मनिहारान उपविजेता रहा। एसडी डिग्री कॉलेज मुजफ्फरनगर तीसरे तथा आरके डिग्री कॉलेज शामली चौथे स्थान पर रहा।
महिला वर्ग में भी श्रीराम कॉलेज मुजफ्फरनगर पहले ही विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर चुका था। इस प्रकार श्रीराम कॉलेज ने पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता का गौरव हासिल किया।
समापन अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. केपी सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर मां शाकंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर की टीम का चयन किया गया, जो नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी। टीम चयन के लिए ऑब्जर्वर के रूप में राजकीय महाविद्यालय देवबंद के प्राचार्य डॉ. गौरव बालियान दोनों दिन मौजूद रहे।

प्राचार्य प्रो. केपी सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत को मंजिल और हार को कमजोरी नहीं समझना चाहिए। जीत खिलाड़ी को विनम्र बनाए और हार बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा दे। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, स्वास्थ्य और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले निर्णायक मंडल के सदस्यों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का संचालन प्रो. ओमबीर सिंह एवं डॉ. सहदेव मान ने किया। आयोजन में प्रो. जीआर सिंह, प्रो. संदीप कुमार, प्रो. आरके सिंह, प्रो. केपी मलिक, प्रो. एसके सिंह, प्रो. हरिओम, डॉ. रेखा भावनानी, डॉ. रेणु, डॉ. स्योनी दास, डॉ. रंजीत कुमार, डॉ. रविश कुमार वर्मा, डॉ. प्रेम भारती, डॉ. टेशू कुमार, डॉ. स्वाशंख, डॉ. एचएस राठौर, डॉ. आईडी शर्मा, डॉ. सुधीर सहित समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









