दिनांक 23.03.2026 को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल महोदय द्वारा थाना जानसठ पर बैंक मैनेजरों एवं गैस एजेंसी से संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान उनके द्वारा बैंकिंग एवं गैस वितरण से जुड़े संवेदनशील पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी बैंक शाखाओं में सीसीटीवी कैमरों की सुचारू कार्यप्रणाली, अलार्म सिस्टम की सक्रियता, गार्ड की उपस्थिति तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया गया कि सभी गैस सिलेंडरों का वितरण निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए तथा प्रत्येक उपभोक्ता तक सुरक्षित एवं पारदर्शी तरीके से आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही वितरण के दौरान सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने, उपभोक्ताओं का सत्यापन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने हेतु निर्देशित किया गया। अन्त में महोदय ने सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्य करने एवं किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने की अपील की, जिससे जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को प्रभावी रूप से बनाए रखा जा सके।
*MEDIA CELL, MUZAFFARNAGAR POLICE*









