मुजफ्फरनगर

अपर जिलाधिकारी वि० एवं राजस्व की अध्यक्षता में जनगणना—2027 की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया

अपर जिलाधिकारी वि० एवं राजस्व की अध्यक्षता में जनगणना—2027 की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया

मुजफ्फरनगर 26 फरवरी 2026 जिला पंचायत सभागार, में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०)  गजेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आगामी जनगणना–2027 की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जनगणना कार्य से संबंधित समस्त चार्ज अधिकारी, उपजिलाधिकारीगण एवं नामित जनगणना सहायकों को विस्तृत रूप से प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय से पधारे अधिकारियों —  आशुतोष कुमार,  गौरव कुमार तथा  ज्योति नामदेव द्वारा जनगणना की प्रक्रिया, उद्देश्य, तकनीकी प्रावधानों एवं अद्यतन दिशा-निर्देशों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि जनगणना–2027 देश की जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, आवासीय स्थिति, साक्षरता, रोजगार एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के संकलन का व्यापक अभियान है, जिसके आधार पर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं नीतियों का निर्धारण किया जाता है।

 

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना प्रपत्रों के सही एवं त्रुटिरहित भरने, डिजिटल माध्यमों के उपयोग, हाउस लिस्टिंग एवं जनसंख्या गणना चरणों, पर्यवेक्षण व्यवस्था तथा डेटा गोपनीयता के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि जनगणना कार्य पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न किया जाना सुनिश्चित किया जाए।

अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) श्री गजेन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में अधीनस्थ कर्मचारियों को भी समुचित प्रशिक्षण प्रदान करें तथा किसी भी प्रकार की शंका या समस्या की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों से समन्वय स्थापित करें।

 

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान जनगणना निदेशालय के अधिकारियों द्वारा किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा सभी अधिकारियों ने जनगणना–2027 को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने हेतु पूर्ण निष्ठा एवं सहयोग का आश्वासन दिया।

उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में समस्तउपजिलाधिकारी‚ तहसीलदार‚ नायब तहसीलदार‚ खंड शिक्षा अधिकारी एवं नामित जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

IMG-20250402-WA0032

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!