
मुजफ्फरनगर, 17 अक्टूबर 2026 – तहसील बुढ़ाना में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में राजस्व, भूमि विवाद, चकबंदी, विद्युत, समाज कल्याण, श्रम विभाग, पेंशन, सड़क, नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं।
### एक सप्ताह में शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर शिकायतों की जांच करें और उनका गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन शिकायतों का निस्तारण संभव नहीं है, उनके संबंध में शिकायतकर्ता को उचित जानकारी दी जाए।
डीएम ने अधिकारियों को संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
### शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने के भी निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाए। अधिकारी मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता से फीडबैक लें कि वह कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं। इसके साथ ही मौके की फोटो भी कराई जाए, ताकि निस्तारण की वास्तविक स्थिति सुनिश्चित की जा सके।
समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी बुढ़ाना सत्येंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, तहसीलदार बुढ़ाना भूपेंद्र सिंह, उपनिदेशक कृषि प्रमोद सिरोही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

